.

आजमगढ़: सड़क हादसा पीड़ितों को डेढ़ लाख तक मिलेगा मुफ्त इलाज,पीएम-राहत योजना लागू


आजमगढ़ में सरकारी समेत 20 निजी अस्पताल सूचीबद्ध, इलाज में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

आजमगढ़: सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री राहत (पीएम-राहत) योजना जनपद में लागू कर दी गई है। इस योजना के तहत सड़क हादसे के पीड़ितों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस (निःशुल्क) उपचार मिलेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया जा सके। मरीज या उसके परिजनों को उपचार के लिए प्रारंभिक स्तर पर कोई भुगतान नहीं करना होगा। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग और प्रमुख जिला मार्गों पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ित इस योजना के पात्र होंगे। सभी सूचीबद्ध अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना किसी देरी के घायल व्यक्ति को भर्ती कर उपचार शुरू करें और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर योजना का लाभ उपलब्ध कराएं। सीएमओ ने बताया कि योजना के तहत जनपद के सभी सरकारी अस्पताल स्वतः शामिल हैं। इनमें राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं सुपर फैसिलिटी चिकित्सालय चक्रपानपुर, मंडलीय जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, 100 शैय्या अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा जनपद के 20 निजी अस्पतालों को भी इस योजना से जोड़ा गया है। डॉ. वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी सूचीबद्ध अस्पताल द्वारा सड़क दुर्घटना के घायल को भर्ती करने में आनाकानी की जाती है, इलाज में अनावश्यक विलंब किया जाता है या योजना के प्रावधानों का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित अस्पताल के खिलाफ सख्त वैधानिक और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी परिस्थिति में दुर्घटना पीड़ित को उपचार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी सूचीबद्ध अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उपचार देकर उसकी जान बचाई जा सके। उन्होंने कहा कि दुर्घटना पीड़ितों को समय पर इलाज उपलब्ध कराना समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रधानमंत्री राहत योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment