कप्तानगंज क्षेत्र के अलहनी गांव में हुई वारदात, मायके पक्ष ने लगाया पहले से धमकी देने का आरोप
आजमगढ़:जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अलहनी गांव में शुक्रवार शाम घरेलू कलह ने खूनी रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद में 32 वर्षीय पिंकी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि घटना में उसका पति नीरज निषाद भी घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब सात बजे नीरज निषाद और उसकी पत्नी पिंकी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर पिंकी अपने तीन बच्चों के साथ कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद नीरज ने दरवाजा तोड़ दिया और पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जयप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि मोबाइल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि नीरज ने वारदात से पहले बनारस से फोन कर पिंकी को जान से मारने और काटने की धमकी भी दी थी। परिजनों ने इस संबंध में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पति नीरज निषाद भी घायल है और उसका उपचार चल रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं। मां की मौत और पिता के अस्पताल में भर्ती होने के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Blogger Comment
Facebook Comment