योगाभ्यास में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने लिया हिस्सा, पर्यावरण संरक्षण की भी ली शपथ
आजमगढ़: करतालपुर बाइपास स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में आर्ट ऑफ़ लिविंग के वरिष्ठ योग प्रशिक्षक रविंद्र कुमार ने योगाभ्यास का संचालन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, त्रिकोणासन, पद्मासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि योग तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन की कुंजी है। उन्होंने बताया कि आर्ट ऑफ़ लिविंग संस्था योग, ध्यान और मानवीय मूल्यों के माध्यम से स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ, संयमित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है तथा यह भारतीय संस्कृति की ऐसी धरोहर है, जो संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और असंतुलित जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ और सुखी जीवन का आधार बन गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। कार्यकारी निदेशक श्रीश अग्रवाल ने योग को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार बताते हुए कहा कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित कर आत्मिक शांति प्रदान करता है। वहीं प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने कहा कि योग विद्यार्थियों में अनुशासन, एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करता है तथा शिक्षा के साथ योग का समावेश उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधरोपण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की सामूहिक शपथ भी ली। समापन अवसर पर प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कुटे ने योग प्रशिक्षक रविंद्र कुमार, अभिभावकों, अतिथियों और विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन हिंदी शिक्षक संतोष कुमार दुबे ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर जी.के. त्रिपाठी, सुमन यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, विद्यार्थी, अभिभावक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment