फूलपुर पुलिस ने दबोचा, गोवंश तस्करी और गोकशी से जुड़े मामलों में था वांछित
आजमगढ़: अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने गोवंशीय पशुओं की तस्करी और गोकशी से जुड़े संगठित अपराध में शामिल गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। पुलिस के अनुसार जिलाधिकारी की स्वीकृति से थाना फूलपुर में मु.अ.सं. 190/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धाराओं में अबु तालिब उर्फ तालिब समेत चार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। इसकी विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय सिंह गौड़ कर रहे हैं। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर कटार तिराहा, चिरैयामोड़ रोड के पास से अबु तालिब उर्फ तालिब पुत्र जियाउद्दीन निवासी बखरा, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस बरामदगी के आधार पर उसके विरुद्ध आयुध अधिनियम के तहत एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर गोवंशीय पशुओं की तस्करी और गोकशी से संबंधित अवैध गतिविधियों में शामिल रहा है। उसने स्वीकार किया कि विरोध करने वालों को डराने और गिरफ्तारी की स्थिति में बच निकलने के लिए वह अवैध तमंचा और कारतूस अपने पास रखता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़, अंबेडकरनगर और गोंडा जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आयुध अधिनियम, हत्या के प्रयास, चोरी तथा धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार, कांस्टेबल अनुपम सिंह, दयाशंकर, शरद यादव तथा आरक्षी अमन यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध, गोवंश तस्करी और अवैध शस्त्र रखने वाले अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Blogger Comment
Facebook Comment