जमीन और चकबंदी मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
आजमगढ़: जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिले की अन्य तहसीलों में भी नामित अधिकारियों की मौजूदगी में जनसमस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों का अवलोकन कर कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि शेष प्रकरणों के समाधान के लिए संयुक्त टीमों को स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि समाधान दिवस में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पुलिस, विद्युत तथा चकबंदी से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए कुछ मामलों का तत्काल निस्तारण कराया गया। उन्होंने कहा कि ग्राम सेठवल और रानी की सराय क्षेत्र से संपूर्ण समाधान दिवस तथा आईजीआरएस पर लगातार अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। ऐसे मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करेगी तथा शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर यह सुनिश्चित करेगी कि प्रस्तुत रिपोर्ट सही और संतोषजनक है या नहीं। डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जांच में फर्जी रिपोर्ट अथवा गलत निस्तारण पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गंभीरवन और महुआ मुराद क्षेत्र में चकबंदी के बाद भी कुछ लोगों को कब्जा न मिलने का मामला संज्ञान में लेते हुए चकबंदी अधिकारियों को नियमानुसार कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा कि समाधान दिवस समाप्त होने के बाद अपने-अपने विभाग से संबंधित सर्वाधिक शिकायत वाले गांवों तथा आईजीआरएस पर अधिक शिकायत प्राप्त गांवों का भ्रमण करें। शिकायतकर्ताओं को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस ऐसे मंच हैं, जहां विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का समन्वित समाधान संभव होता है। उन्होंने राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर संयुक्त स्पॉट मेमो तैयार करने पर जोर दिया, जिससे विवादों का प्रभावी और स्थायी निस्तारण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने न्यायालयों के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने और प्रशासन तथा पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने की भी हिदायत दी। जनसुनवाई के दौरान कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से नौ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 99 शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर नरेंद्र गंगवार, क्षेत्राधिकारी सिटी शुभम तोदी, परियोजना निदेशक डीआरडीए सच्चिदानंद प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment