.

आजमगढ़: दो सगी नाबालिग बहनों से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार


24 घंटे के भीतर आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद हुई गिरफ्तारी

आजमगढ़: जनपद के थाना गंभीरपुर क्षेत्र में दो सगी नाबालिग बहनों से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में आजमगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 5 जून 2026 को पीड़िताओं की मां ने थाना गंभीरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव निवासी मो. जाहिद उर्फ रुस्तम पुत्र मो. सफीक ने उनकी दोनों नाबालिग पुत्रियों को बहला-फुसलाकर तथा डराकर अपने बाग में बने ट्यूबवेल के कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद उसने पीड़िताओं को किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर के आधार पर थाना गंभीरपुर में मुकदमा संख्या 141/2026 धारा 65(1), 351(3) बीएनएस तथा 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से मदारपुर-लहबरिया मार्ग होते हुए अपने घर की ओर जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी एवं चौकी प्रभारी संदीप दूबे पुलिस बल के साथ जहांनिया मोड़ पर चेकिंग करने लगे।
पुलिस के अनुसार सामने से आ रही मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। इसी दौरान मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। आरोप है कि आरोपी ने उठकर पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने के बावजूद फायरिंग जारी रखने पर आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. जाहिद उर्फ रुस्तम पुत्र मो. सफीक निवासी थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। इस संबंध में थाना गंभीरपुर में मुकदमा संख्या 144/2026 धारा 109(1), 151(3) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से दर्ज दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मुकदमे के अलावा मुठभेड़ और अवैध शस्त्र बरामदगी से संबंधित मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment