रात्रि ड्यूटी,पीआरवी ड्यूटी में लापरवाही और संवेदनशील पर्वों की ड्यूटी में अनियमितता पर कार्रवाई
आजमगढ़: जनपद में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 13 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 19 अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए हैं। एसएसपी द्वारा विभिन्न अवसरों पर किए गए आकस्मिक निरीक्षण, ड्यूटी चेकिंग और प्राप्त रिपोर्टों की समीक्षा के दौरान कई पुलिसकर्मियों की कार्यशैली में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई। जांच में पाया गया कि कुछ पुलिसकर्मी महत्वपूर्ण रात्रि ड्यूटी के दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित रहे। वहीं बकरीद जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान भी कुछ कर्मियों ने निर्धारित ड्यूटी स्थल छोड़कर अन्य स्थानों पर पीआरवी खड़ी कर दी, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हुए। निरीक्षण के दौरान कुछ पुलिसकर्मी पीआरवी ड्यूटी के समय सोते हुए पाए गए। इसके अलावा एमडीटी (मोबाइल डाटा टर्मिनल) हटाए जाने संबंधी आवश्यक जानकारी से भी कई कर्मी अनभिज्ञ मिले। टोल प्लाजा पर गो-तस्करी की रोकथाम, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग के लिए लगाई गई ड्यूटी में भी अपेक्षित सतर्कता नहीं दिखाई गई। कई स्थानों पर ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारी चेकिंग करने के बजाय बैठे मिले तथा उनके निकट चारपाइयां रखी हुई पाई गईं, जिन पर वे आराम करते हुए नजर आए। इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने, कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतने और अनुशासनहीनता प्रदर्शित करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही, आदेशों की अवहेलना या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Blogger Comment
Facebook Comment