.

आजमगढ़: जनगणना ड्यूटी के दौरान महिला प्रगणक से अभद्रता,एफआईआर दर्ज


शिक्षक वकर्मचारी शहर कोतवाली पहुंचे,आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की

आजमगढ़: शहर कोतवाली क्षेत्र में जनगणना कार्य के दौरान एक महिला कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाफिजपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत उर्फी फातिमा वर्तमान में जनगणना (मकान सूचीकरण) कार्य में प्रगणक के रूप में तैनात हैं। आरोप है कि वह हाफिजपुर क्षेत्र के मकान सूचीकरण ब्लॉक संख्या-1459 के मकान संख्या-102 में जनगणना संबंधी जानकारी एकत्र करने के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान ऊपरी मंजिल पर रहने वाले किराएदार ओंकार नाथ यादव ने कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की तथा सीढ़ियों से नीचे धक्का दे दिया। घटना के बाद शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और शिक्षकों में आक्रोश फैल गया। खंड शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार वर्मा और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उपेंद्र दत्त शुक्ल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी शहर कोतवाली पहुंचे तथा आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने पीड़िता उर्फी फातिमा की तहरीर के आधार पर आरोपी ओंकार नाथ यादव के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
इस दौरान पंकज सिंह, राजन शुक्ला, रवि पाठक, विकास राय, डॉ. सुरेंद्र यादव, संगम सिंह, निखिल उपाध्याय, सुशील, आशुतोष राय, राणा राघवेंद्र प्रताप सिंह, सुजीत सिंह, हेमंत श्रीवास्तव और जितेंद्र कुमार यादव सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment