पुलिस की तत्परता से हुई पहचान; सकुशल मां को सुपुर्द किया गया
आजमगढ़: सरायमीर पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बाजार में अपनी मां से बिछड़ गई तीन वर्षीय मासूम बच्ची को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्ची सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकी, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, बुधवार को थाना सरायमीर क्षेत्र के महाजनी टोला कस्बे में भ्रमण के दौरान आरक्षी संजीव कुमार यादव को लगभग तीन वर्ष की एक बच्ची रोते हुए और लावारिस अवस्था में मिली। आरक्षी ने तत्काल आसपास के लोगों से बच्ची के परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद बच्ची को सुरक्षा की दृष्टि से थाना सरायमीर लाया गया। थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची की पहचान और उसके परिजनों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान बच्ची की पहचान पुत्री अबू मोहम्मद निवासी मदगुदिया, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई। बच्ची की मां सना बनो पत्नी अबू मोहम्मद को सूचना देकर थाने बुलाया गया। पूछताछ में सना बनो ने बताया कि वह अपनी पुत्री मो. कराज के साथ बाजार में खरीदारी करने आई थीं। इसी दौरान बच्ची अचानक हाथ छुड़ाकर भीड़ में कहीं चली गई, जिससे वह उससे बिछड़ गई थीं। काफी खोजबीन के बावजूद बच्ची का पता नहीं चल सका था। पुलिस द्वारा आवश्यक सत्यापन के बाद बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी पुत्री को सुरक्षित पाकर सना बनो ने आजमगढ़ पुलिस और सरायमीर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय कार्यशैली की सराहना की। इस सराहनीय कार्य में आरक्षी संजीव कुमार यादव तथा महिला आरक्षी रोशनी तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Blogger Comment
Facebook Comment