धार्मिक भावनाएं आहत करने और सामाजिक वैमनस्य फैलाने के आरोप में फरिहा निवासी गिरफ्तार
आजमगढ़: सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फेसबुक पर ऐसी सामग्री पोस्ट की थी, जिससे विभिन्न समुदायों के बीच धार्मिक वैमनस्य और सामाजिक तनाव उत्पन्न होने की आशंका थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी साइबर क्राइम पंकज कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में थाना साइबर क्राइम की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक 16 मई 2026 को फेसबुक पर एक आईडी से आपत्तिजनक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाली भाषा का प्रयोग किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना साइबर क्राइम में मुकदमा संख्या 19/2026 धारा 196, 299, 353(2) बीएनएस तथा 67डी आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सोशल मीडिया विश्लेषण के दौरान पता चला कि संबंधित फेसबुक आईडी का संचालन अरशद जमाल पुत्र स्वर्गीय रईश अहमद निवासी फरिहा, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ द्वारा किया जा रहा था। डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ में संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक रजत सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार, सभाजीत मौर्य, एजाज खान तथा महिपाल यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Blogger Comment
Facebook Comment