.

आजमगढ़: 'ऑपरेशन वज्रपात'- सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति दिखाने वालों की हुई काउंसलिंग


इंस्टाग्राम आईडी बना झुंड में घूम रहे युवकों पर पुलिस की नजर, दो बाइक सीज; दो युवकों का शांतिभंग में चालान

आजमगढ़: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना निजामाबाद पुलिस ने “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं में बढ़ रही गैंग संस्कृति पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर समूह में क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने की आशंका है। जांच के दौरान इंस्टाग्राम आईडी mr_jai_7177 से जुड़े युवकों की पहचान की गई। इनमें आशीष चौहान पुत्र बाकेलाल निवासी सालेपुर, थाना निजामाबाद, उम्र करीब 20 वर्ष, कृष्णा चौहान पुत्र मनोज निवासी सालेपुर, थाना निजामाबाद, उम्र करीब 19 वर्ष तथा विकास चौहान पुत्र राजू चौहान निवासी सालेपुर, थाना निजामाबाद, उम्र करीब 18 वर्ष शामिल हैं।
थाना पुलिस ने संबंधित युवकों को उनके अभिभावकों तथा बाल कल्याण अधिकारी की उपस्थिति में थाना परिसर बुलाकर काउंसलिंग की। इस दौरान उन्हें कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने अभिभावकों को भी सख्त हिदायत देते हुए युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा।
पुलिस ने बताया कि इंस्टाग्राम आईडी से जुड़े आशीष चौहान पुत्र बाकेलाल निवासी सालेपुर तथा कृष्णा चौहान पुत्र मनोज निवासी सालेपुर के विरुद्ध धारा 126/135/170 बीएनएस के तहत चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान दो बाइकों को भी सीज किया गया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के माध्यम से भय का माहौल बनाने, गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में साइबर टीम के उपनिरीक्षक दिलीप आनंद, उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय, कांस्टेबल राकेश यादव तथा कांस्टेबल संदेश सिंह शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment