‘सेल्फी विद पीएम’ और सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र
आजमगढ़: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हरिऔध कला केंद्र परिसर में बुधवार को चार दिवसीय विकास प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने संयुक्त रूप से प्रदर्शनी का उद्घाटन कर ‘‘विश्वास, विकास और जन कल्याण के 12 वर्ष’’ विषयक पुस्तक एवं फोल्डर का विमोचन किया। 20 जून तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को विभिन्न माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा ‘सेल्फी विद पीएम’ सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रदर्शनी देखने और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की। प्रदर्शनी में अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकुंभ, नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल, एम्स और रक्षा गलियारा जैसी प्रमुख परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही महिला सुरक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण, कानून-व्यवस्था और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 के विजन को भी आकर्षक ढंग से दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में युवा, महिला और गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई है। कार्यक्रम के दौरान ‘सेल्फी विद पीएम’ प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। बड़ी संख्या में युवाओं और अन्य आगंतुकों ने यहां सेल्फी लेकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके अलावा पुस्तक प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन, कार्यों तथा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तकों और फोल्डरों को भी प्रदर्शित किया गया। जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि विकास प्रदर्शनी का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन से प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की। कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के लोक कलाकार संदीप कुमार सिंह और मुन्ना लाल यादव ने लोकगीतों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। इस अवसर पर सहायक खाद्य आयुक्त सुशील कुमार मिश्र, सूचना विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, पत्रकार और आमजन उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment