.

आजमगढ़: कोटिला में सड़क अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने पर 5 वाहन सीज


सोशल मीडिया से मिली शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई,दी चेतावनी


आजमगढ़: रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला बाजार में सड़क अतिक्रमण और दुर्घटना की आशंका को लेकर सोशल मीडिया पर की गई शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच वाहनों को सीज कर दिया। पुलिस ने सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले चालकों के खिलाफ अभियान चलाया और भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी। जानकारी के अनुसार विनोद कुमार नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि कोटिला क्षेत्र में मुख्य मार्ग के दोनों किनारों पर वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और सामने से आने वाले वाहनों की दृश्यता प्रभावित होती है। इससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। शिकायत में यह भी कहा गया था कि अतिक्रमण हटाने का विरोध करने पर कुछ वाहन चालक अभद्र व्यवहार करने लगते हैं।
 शिकायत को गंभीरता से लेते हुए रानी की सराय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क पर अवैध रूप से खड़े और यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे पांच वाहनों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा अन्य वाहन चालकों को सड़क खाली कराने के साथ भविष्य में यातायात नियमों का उल्लंघन न करने की चेतावनी दी गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। सड़क अतिक्रमण और जाम की स्थिति पैदा करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment