ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई, तमंचा व कारतूस बरामद; हथियारों के प्रदर्शन से बना रहा था दबदबा
आजमगढ़: सोशल मीडिया पर अवैध असलहों के साथ वीडियो पोस्ट कर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले युवक को रानी की सराय पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपित इंस्टाग्राम पर ‘माफिया वैभव 50’ नाम से अकाउंट संचालित कर स्वयं को गैंगस्टर के रूप में पेश कर रहा था। पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर ‘माफिया वैभव 50’ नामक अकाउंट से लगातार ऐसे वीडियो अपलोड किए जा रहे थे, जिनमें अवैध हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग दिखाई गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में भय का माहौल बनने लगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान की। उपनिरीक्षक सूरज तिवारी की तहरीर पर थाना रानी की सराय में 16 जून को मुकदमा संख्या 163/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धारा 9/25 में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि युवक अवैध हथियार का प्रयोग कर सोशल मीडिया पर अपनी गैंग की छवि बनाकर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने मंझगांवा हाईवे से ग्राम नीबी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वैभव राय (19) पुत्र धनंजय राय निवासी ग्राम नीबी, थाना रानी की सराय, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर अपराधी छवि बनाने, अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने तथा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर भय और दहशत फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Blogger Comment
Facebook Comment