.

आजमगढ़: दबंगों से कारोबारी परेशान, कार्रवाई न होने पर एसपी से लगाई गुहार


आरोप: मारपीट के मामले में एफआईआर के बावजूद नहीं हुई गिरफ्तारी

आजमगढ़: सरायमीर थाना क्षेत्र के सिकरौर सहबरी बाजार में कुछ दबंगों की कथित गुंडागर्दी से दुकानदारों और आम लोगों में भय का माहौल है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी आए दिन मारपीट और दबंगई करते हैं तथा विरोध करने वालों को एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी देते हैं। मारपीट के एक मामले में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी न होने से पीड़ितों में नाराजगी है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। शनिवार को पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों के अनुसार 7 जून 2026 को सिकरौर बाजार से गुजर रहे एक ट्रक को हरिप्रकाश जायसवाल पुत्र स्वर्गीय मिठाई लाल जायसवाल की दुकान के सामने कुछ लोगों ने रोक लिया। आरोप है कि ट्रक चालक के साथ मारपीट की गई तथा वाहन के शीशे समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिए गए। बीच-बचाव करने पहुंचे हरिप्रकाश जायसवाल को भी आरोपितों ने गाली-गलौज की। शोर सुनकर पहुंचे नितिन जायसवाल और विनोद यादव ने हस्तक्षेप किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और सरायमीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मामले में शिवम जायसवाल पुत्र हरिप्रकाश जायसवाल की तहरीर पर बसपा नेता प्रमोद गौतम, गौरव, अभिषेक गौतम, विनोद गौतम, अमर गौतम और संतोष गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
शिवम जायसवाल, विनोद यादव और नितिन जायसवाल का आरोप है कि आरोपितों में शामिल लोगों के परिवार का एक युवक पुलिस विभाग में सिपाही है और उसी के प्रभाव के चलते स्थानीय पुलिस गिरफ्तारी नहीं कर रही है। उनका कहना है कि आरोपित लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं तथा ऐसा न करने पर एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि फरवरी 2025 में भी उक्त लोगों द्वारा बाजार के दो दुकानदारों अधीन चौरसिया और अंकित गुप्ता की दुकानों पर हमला किया गया था, लेकिन उस समय प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आरोपितों का मनोबल बढ़ गया है। पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ताओं ने कहा है कि आरोपित खुलेआम यह कहते हैं कि कहीं भी शिकायत कर लो, उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा। पीड़ितों ने आरोपितों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment