.

आजमगढ़: फर्जीवाड़ा कर 62.84 लाख के अनुदान हड़पने के प्रयास में मदरसा प्रबंधक गिरफ्तार


EOW/SIT जांच में खुला अवैध मदरसा प्रकरण, रानी की सराय पुलिस ने वांछित आरोपी को दबोचा

आजमगढ़: अवैध मदरसे के नाम पर शासकीय अनुदान की 62.84 लाख रुपये की धनराशि गबन करने के मामले में रानी की सराय पुलिस ने शनिवार को एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर मदरसा पोर्टल पर फर्जी अभिलेख अपलोड कर शासन से अनुदान प्राप्त करने का प्रयास करने का आरोप है।
 पुलिस के अनुसार राज्य विशेष अपराध अनुसंधान दल (EOW), लखनऊ की जांच में शिक्षा क्षेत्र मोहम्मदपुर स्थित मदरसा शरीफुल उलूम गोसड़ी (मदरसा आईडी-191100770) के प्रबंधक मो. इलियास पुत्र मो. हनीफ द्वारा कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें असली के रूप में प्रस्तुत करने तथा 62 लाख 84 हजार रुपये की शासकीय अनुदान राशि हड़पने के प्रयास का मामला प्रकाश में आया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना रानी की सराय में मुकदमा संख्या 40/2025 धारा 409, 420, 467, 468 व 471 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
 विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान मो. इलियास पुत्र मो. हनीफ निवासी गोसड़ी, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ तथा वर्तमान पता खोवा मंडी, कस्बा सरायमीर के रूप में हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दीदारगंज की मार्टिनगंज चौकी और थाना रानी की सराय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार सुबह करीब 9:40 बजे थाना रानी की सराय गेट के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
 गिरफ्तार आरोपी मो. इलियास (63) के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज सिंह, चौकी प्रभारी मार्टिनगंज थाना दीदारगंज तथा आरक्षी प्रवीश कुमार थाना रानी की सराय शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment