प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व पुरस्कार दे किया गया सम्मानित, अतिथियों ने सराहा बच्चों का हुनर
आजमगढ़: हुनर सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थान, आजमगढ़ द्वारा आयोजित 15 दिवसीय हुनर समर कैंप का भव्य समापन 12 जून को प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज, अटलस पोखरा में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ चिल्ड्रेन कॉलेज एंड स्कूल के प्रबंधक डॉ. कृष्णमोहन त्रिपाठी, सर्वोदय ग्रुप ऑफ एजुकेशन के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, नीरज अग्रवाल, सपना बनर्जी तथा समाजसेवी सोनल श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत संस्थान के अध्यक्ष मनोज यादव, गौरव मौर्य एवं हेमंत श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का ऐसा दौर शुरू हुआ कि दर्शक मंत्रमुग्ध होकर कार्यक्रम का आनंद लेते रहे। संस्थान द्वारा आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप में जनपद की नवोदित प्रतिभाओं के भीतर छिपे हुनर को निखारने का सफल प्रयास किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समूह नृत्य "मैया यशोदा", समूह गीत "हम भारत के बच्चे", समूह नृत्य "ओम देवा देवा", नृत्य नाटिका "कृष्ण लीला", लोक नृत्य "पायल बोले", समूह नृत्य "लौंग लाची", लावणी नृत्य, वेस्टर्न चेयर डांस, समूह नृत्य "बरसो रे मेघा मेघा", बॉयज़ ग्रुप वेस्टर्न डांस, "डिंडोरा बाजे रे" तथा "प्रेम की लीला" जैसी प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। विशेष वेस्टर्न एवं बॉलीवुड डांस प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने खूब सराहा। रितु वर्मा के निर्देशन में आयोजित मंडला आर्ट प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए तथा उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशिक्षकों, सहयोगियों एवं अतिथियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के सचिव सुनील दत्त विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर यस के सत्येन, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. देवेश दुबे, डॉ. नेहा दुबे, चंदन प्रसाद, अनूप कुमार अग्रवाल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष अंकित अग्रवाल, डॉ. शशि भूषण शर्मा, पूजा राय, रोहित वर्मा, कमलेश सोनकर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment