देवगांव के बरडीहा मोड़ के पास ट्रेलर से टकराई आर्टिका कार, एक गंभीर घायल
आजमगढ़: जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा आजमगढ़-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरडीहा मोड़ के पास उस समय हुआ, जब एक आर्टिका कार ट्रेलर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस की मदद से सभी घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अजमल आलम पुत्र लाल मोहम्मद की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि कार में सवार मृतकों में डाल्टनगंज छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज रज्जाक, जनता मेडिकल से जुड़े कैश अंकल, सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन तथा वाहन चालक शामिल थे। सभी श्रद्धालु किछौछा शरीफ से जियारत कर अपने घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई।। हादसे की सूचना पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों को फोन के माध्यम से दे दी गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Blogger Comment
Facebook Comment