15 साल पुरानी रंजिश थी हत्या की वजह, तमंचा, चाकू और खून से सने कपड़े बरामद
आजमगढ़: शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में 70 वर्षीय वृद्ध भुआल चौहान की गला रेतकर की गई हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी अभय चौहान उर्फ मत्तू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार शेखपुरा निवासी कर्मराज चौहान पुत्र स्वर्गीय भुआल चौहान ने 11 जून को तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता भुआल चौहान (70) 10/11 जून की रात भोजन करने के बाद घर के बाहर पशुशाला के पास बने कमरे में सो रहे थे। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी। इस संबंध में कोतवाली थाने में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित टीम लगातार घटना के खुलासे में जुटी थी। इसी दौरान 12 जून की रात सूचना मिली कि हत्या का आरोपी अवैध असलहे के साथ मोटरसाइकिल से बंशी बाजार-उकरौड़ा मार्ग होते हुए एक्सप्रेस-वे की तरफ जा सकता है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन मोटरसाइकिल फिसलने से गिर गया। पुलिस के आत्मसमर्पण के निर्देश के बावजूद उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस द्वारा की गई नियंत्रित कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और वह पकड़ा गया। पूछताछ में गिरफ्तार अभय चौहान उर्फ मत्तू पुत्र धीर्जन चौहान, निवासी शेखपुरा थाना कोतवाली, ने हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उसकी मां के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर वह भुआल चौहान से रंजिश रखता था। उसी रंजिश के चलते उसने 10/11 जून की रात सोते समय चाकू से उनका गला रेतकर हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, दो चाकू (जिसमें हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल भी शामिल है), खून लगा सफेद गमछा तथा खून से सनी काली टी-शर्ट बरामद की है। इस मामले में कोतवाली थाने पर हत्या, आर्म्स एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय ने किया।
Blogger Comment
Facebook Comment