.

आजमगढ़: घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या,फैली सनसनी



शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में हुई वारदात,पुलिस की चार टीमें गठित हुई

आजमगढ़: शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर कमरे में सो रहे एक बुजुर्ग का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भुवाल चौहान (65) पुत्र हरदेव चौहान निवासी शेखपुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार भुवाल चौहान रोज की तरह घर के बाहरी हिस्से में बने कमरे में सो रहे थे। गुरुवार सुबह जब परिवार के सदस्य उन्हें जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर लहूलुहान पड़े मिले। उनके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। यह दृश्य देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की। क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोड़ी ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है। फोरेंसिक टीम एवं अन्य विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर हत्या के कारणों और संभावित आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के शीघ्र खुलासे के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुकदमा दर्ज होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग की हत्या की इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस पुरानी रंजिश, संपत्ति विवाद समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment