.

आजमगढ़: पुरानी रंजिश में युवक की हत्या का खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार


दीदारगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई घटना

आजमगढ़: दीदारगंज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई हैं, जिन्होंने कथित रूप से मारपीट कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार, भादों गांव निवासी सरोज देवी पत्नी स्वर्गीय अखिलेश की तहरीर पर 10 जून 2026 को थाना दीदारगंज में मुकदमा संख्या 109/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 9 जून की रात पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने उनके पति अखिलेश के साथ मारपीट की और उन्हें खेत में अचेत अवस्था में छोड़ दिया। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी फूलपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दीदारगंज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को भादों मोड़ (मार्टिनगंज बाजार) से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सभाजीत गौतम पुत्र रामसेवक गौतम निवासी भादों थाना दीदारगंज जनपद आजमगढ़ तथा श्यामजीत गौतम पुत्र रामसेवक गौतम निवासी भादों थाना दीदारगंज जनपद आजमगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार गुप्ता, कांस्टेबल निशान्त त्रिपाठी, कांस्टेबल हीतेन्द्र कुमार तथा आरक्षी सुशील प्रजापति शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment