कार्यक्रम स्थल, जनसभा स्थल, पार्किंग, सेफ हाउस और बैठक स्थल का किया निरीक्षण,दिए आवश्यक निर्देश
आजमगढ़: जनपद में 13 जून को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को मंडलायुक्त विवेक कुमार, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कृषि महाविद्यालय कोटवा स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन जर्मन हैंगर, जनसभा स्थल, वीआईपी एवं आमजन के लिए पार्किंग व्यवस्था, सेफ हाउस, बैठक स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग सहित सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त विवेक कुमार ने कहा कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने जनसभा स्थल पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन और विशिष्ट अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर बल दिया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक भी की, जिसमें विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम का सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment