.

आजमगढ़:वरिष्ठ पत्रकार राजीव चौहान का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर


कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद ली अंतिम सांस, पत्नी व दो बेटियों को छोड़ गए पीछे

आजमगढ़: जिले के पत्रकारिता जगत के लिए सोमवार को एक बेहद दुखद समाचार सामने आया। वरिष्ठ पत्रकार राजीव चौहान (42) का कैंसर की लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
राजीव चौहान ने वर्ष 2007 में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की थी। अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने कई राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय मीडिया संस्थानों को अपनी सेवाएं प्रदान कीं। वर्तमान में वह हिंदुस्थान समाचार एजेंसी के मान्यता प्राप्त पत्रकार के रूप में कार्यरत थे। राजीव चौहान अपनी निष्पक्ष, निर्भीक और संवेदनशील पत्रकारिता के लिए जाने जाते थे। सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और खबरों को तथ्यपरक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने की उनकी शैली ने उन्हें पत्रकारिता जगत में विशेष पहचान दिलाई थी। उनके व्यवहार, कार्यशैली और समर्पण के कारण पत्रकारों के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों में भी उनका सम्मान था। उनके असामयिक निधन से जिले के पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। वह अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार महराजगंज स्थित घाट पर किया जाएगा।
उनके निधन पर पत्रकार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा विभिन्न वर्गों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। सभी ने ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment