महराजगंज पुलिस ने हत्या प्रकरण में नामजद गिरोह के सक्रिय सदस्यों को पकड़ा
आजमगढ़: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस ने हत्या प्रकरण से जुड़े संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार 26 अक्टूबर 2025 को थाना महराजगंज में त्रिभुवन पाण्डेय की हत्या के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयान और अन्य प्रमाणों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि जमीन विवाद को लेकर त्रिभुवन पाण्डेय की हत्या रामभवन पाण्डेय पुत्र स्व. बजरंगी पाण्डेय, आदित्य पाण्डेय पुत्र रामभवन पाण्डेय, दीनदयाल पाण्डेय तथा अमरनाथ यादव पुत्र स्व. राजेन्द्र यादव निवासीगण आराजी जजमनजोत, थाना महराजगंज ने की थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सभी आरोपियों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किया गया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपियों का एक संगठित आपराधिक गिरोह है, जो आर्थिक एवं भौतिक लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से गंभीर अपराधों को अंजाम देता है। इनके कृत्यों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल व्याप्त था। इसी आधार पर गैंग चार्ट तैयार कर अनुमोदन प्राप्त किया गया तथा 2 जून 2026 को थाना महराजगंज में मु.अ.सं. 122/2026, धारा 2(ख)(i)/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव एवं पुलिस टीम ने बुधवार तड़के मुखबिर की सूचना पर ग्राम आराजी जजमनजोत में दबिश देकर गैंगस्टर एक्ट में वांछित अमरनाथ यादव पुत्र स्व. राजेन्द्र यादव, रामभवन पाण्डेय पुत्र स्व. बजरंगी पाण्डेय तथा आदित्य पाण्डेय पुत्र रामभवन पाण्डेय को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान तलाशी में उनके पास से कोई अवैध वस्तु बरामद नहीं हुई। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुराग कुमार, उपनिरीक्षक अवधेश कुमार यादव, कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल अनिल कुमार तथा रिजर्व कांस्टेबल कुशल कुमार शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment