.

आजमगढ़: 7 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


फर्जी खातों और क्रेडिट कार्ड के जरिए साइबर ठगी की रकम खपाने का आरोप, कार समेत कई दस्तावेज बरामद

आजमगढ़: साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब सात लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी बिहार का रहने वाला है और साइबर ठगी से अर्जित रकम को फर्जी खातों व क्रेडिट कार्ड के माध्यम से नकदी में बदलने का काम करता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी साइबर क्राइम पंकज कुमार तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चितारा महमूदपुर निवासी डॉ. शफी उज्जमां के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से 5,98,749 रुपये तथा केनरा बैंक खाते से 99,870 रुपये, कुल 6,98,619 रुपये उनकी जानकारी के बिना निकाल लिए गए थे। मोबाइल पर धनराशि निकासी का संदेश मिलने के बाद पीड़ित ने तत्काल बैंक और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम में मुकदमा संख्या 08/2026 धारा 318(4) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी पड़ताल और लोकेशन के आधार पर साइबर क्राइम टीम कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र स्थित एक होटल पहुंची, जहां संदिग्ध जितेन्द्र प्रसाद यादव की पहचान की गई। पूछताछ के लिए उसे आजमगढ़ लाया गया। साक्ष्यों और पूछताछ में उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी जितेन्द्र प्रसाद यादव पुत्र बुनी यादव निवासी ग्राम रामसिरिया, थाना मलाही, जनपद पूर्वी चम्पारण (बिहार) है। उसकी उम्र करीब 26 वर्ष बताई गई है।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का एक सदस्य फर्जी बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराता था, जबकि अन्य सदस्य साइबर ठगी की रकम उन खातों में मंगवाते थे। जितेन्द्र प्रसाद यादव की भूमिका खातों और क्रेडिट कार्डों में आई रकम को नकद में बदलने की थी। वह पेट्रोल पंप, जनसेवा केंद्र और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर क्रेडिट कार्ड एवं यूपीआई के माध्यम से भुगतान कर नकदी प्राप्त करता था और बाद में रकम गिरोह के सदस्यों में बांट दी जाती थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, 1460 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, निर्वाचन पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड तथा स्विफ्ट कार संख्या BR06CJ0194 बरामद की है। कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना साइबर क्राइम की निरीक्षक विभा पाण्डेय, उपनिरीक्षक रजत सिंह, कांस्टेबल संजय कुमार, सभाजीत मौर्य, एजाज खान और महिपाल यादव शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment