.

आजमगढ़: आरक्षण में लूट का आरोप लगा सपा ने भाजपा सरकार पर बोला हमला


22 विभागों की भर्तियों में 11,514 पदों पर आरक्षण घोटाले का दावा, पार्टी चलाएगी जागरूकता अभियान

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार पर पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के आरक्षण अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में संवैधानिक आरक्षण व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश के 22 विभागों में हुई भर्तियों में आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे आरक्षित वर्गों के हजारों अभ्यर्थी अपने अधिकारों से वंचित रह गए।
समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में नेताओं ने कहा कि कुल 93,809 पदों पर हुई नियुक्तियों में 11,514 पदों का आरक्षण प्रभावित हुआ है। यह आंकड़ा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जारी पीडीए आरक्षण घोटाला पुस्तक में दर्ज है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आने के बाद से पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों को लगातार कमजोर किया जा रहा है। सपा नेताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा संविधान में प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था सामाजिक न्याय की आधारशिला है, लेकिन वर्तमान सरकार इसे समाप्त करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठाए तथा आरोप लगाया कि समूह ‘ग’ और ‘घ’ की नौकरियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से भरकर गरीब, पिछड़े, दलित और मुस्लिम वर्ग के युवाओं को रोजगार के अवसरों से वंचित किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में घोषणा की गई कि समाजवादी पार्टी के विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक करेंगे तथा सरकार की नीतियों की जानकारी देंगे। पार्टी नेताओं ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में संविधान और लोकतंत्र की रक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली, विधायक डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, डॉ. एम. सिंह पटेल, जयराम सिंह पटेल, अजीत कुमार राव, लल्लन चौहान, बबीता चौहान, देवनाथ साहू, कुणाल मौर्य, जी.एस. प्रियदर्शी, संतोष कुमार गौतम, विवेक सिंह, विनीत राय, दिनेश विश्वकर्मा, इंजीनियर अभिषेक यादव, जिला पंचायत सदस्य पप्पू यादव, हंसराज, प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment