.

आजमगढ़: गैंगस्टर एक्ट में वांछित बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार


कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोचा, कई बाइक चोरी की घटनाओं में रहे हैं शामिल

आजमगढ़: मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन राजभर पुत्र रामफेरू राजभर तथा सचिन राजभर पुत्र सुदर्शन राजभर, निवासी गढ़ कौशिक थाना कप्तानगंज जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में जिला चिकित्सालय आजमगढ़ तथा भैरव बाबा मंदिर महाराजगंज क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में कोतवाली और महाराजगंज थानों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। विवेचना के दौरान राजन राजभर और सचिन राजभर का नाम प्रकाश में आया। जांच में सामने आया कि दोनों एक संगठित गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और लगातार वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना रहे थे।
गिरोह की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी को अनुमोदन के लिए भेजा था। जिलाधिकारी ने 28 मई 2026 को दोनों आरोपियों के विरुद्ध गैंग चार्ट को स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय की तहरीर पर कोतवाली थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्राइवेट बस स्टैंड क्षेत्र से राजन राजभर पुत्र रामफेरू राजभर निवासी गढ़ कौशिक थाना कप्तानगंज जनपद आजमगढ़ तथा सचिन राजभर पुत्र सुदर्शन राजभर निवासी गढ़ कौशिक थाना कप्तानगंज जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों का चालान न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी, चोरी की संपत्ति रखने, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सूर्यपाल, आरक्षी दिलीप कुशवाहा, आरक्षी रवि कुमार तथा महिला आरक्षी खुशबू सिंह शामिल रहीं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment