आजमगढ़: मोहर्रम के दौरान सार्वजनिक मार्ग पर लगाए गए झंडे और लाउडस्पीकर हटाने को लेकर हुए विवाद में दीदारगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान विपक्षी पक्ष ने लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर मारपीट की, मकान और मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार ग्राम फुलेश निवासी जिलाजीत सेठ पुत्र शीलचंद सेठ ने 18 जून को थाना दीदारगंज में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मोहर्रम पर्व के दौरान सार्वजनिक मार्ग पर लगाए गए झंडे और लाउडस्पीकर को हटाने की बात को लेकर विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकराय होकर उन पर हमला कर दिया। हमले में लोहे की रॉड और पत्थरों का इस्तेमाल किया गया। साथ ही उनकी मोटरसाइकिल और मकान में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 117/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अल्ताफ, सेराज, अबरार, मोहम्मद कैश, तरीकुलनिशा, रेहाना, रिजवाना, अंजुम, तबस्सुम, सरीफुनीशा तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान शुक्रवार को उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ फुलेश बाजार तिराहा से मुकदमे में वांछित छह महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं में तरीकुलनिशा पत्नी अकबाल, अंजुम पत्नी अल्ताफ, सरीफुनीशा पत्नी शमशाद उर्फ पप्पू, रेहाना पत्नी नौशाद, तबस्सुम पुत्री शमशाद उर्फ पप्पू तथा रिजवाना पत्नी अबरार निवासी ग्राम फुलेश, थाना दीदारगंज शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपित महिलाओं को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है। मामले में अन्य नामजद एवं अज्ञात आरोपितों की तलाश जारी है।
Blogger Comment
Facebook Comment