.

आजमगढ़: भवरनाथ-सेहदा में अवैध वाहन स्टैंड पर कार्रवाई,21 वाहन सीज


बिना परमिट सवारी ढोने वालों पर शिकंजा, 20 लोगों का शांति भंग की आशंका में चालान

आजमगढ़: शहर के भवरनाथ चौराहा और सेहदा अंडरपास के पास बिना परमिट सवारी ढोने तथा अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वालों के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 21 चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया गया, जबकि शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका में 20 लोगों का चालान कर उन्हें न्यायालय भेजा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण में थाना कंधरापुर और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। जांच में पाया गया कि कई वाहन चालक बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के यात्रियों का परिवहन कर रहे थे। वहीं ब्रिज और अंडरपास के नीचे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर अस्थायी स्टैंड भी संचालित किए जा रहे थे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस के अनुसार सवारी बैठाने को लेकर वाहन चालकों के बीच अक्सर विवाद, गाली-गलौज और कहासुनी की शिकायतें मिल रही थीं। यात्रियों के साथ किराया और सवारी को लेकर भी विवाद की स्थिति बन रही थी, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी।
चेकिंग के दौरान वाहन चालकों से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कई चालक आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद 21 वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। साथ ही दुर्गेश राय, प्रिंस यादव उर्फ बृजेश यादव, मोहम्मद साहिद, अभिषेक सिंह तोमर, विवेक सिंह, दुर्गा राय, शिवकुमार यादव, संतोष चौरसिया, दिनेश गौड़, आनंद यादव, मोहम्मद इमरान, कमलेश यादव, ईसा हाशमी, हिमांचल सिंह, शफीक अंसारी, शशिकांत, विमलेश सिंह, कपिल पासवान, शिवम यादव और तेजबहादुर यादव के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना वैध परमिट यात्री वाहन संचालन और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध वाहन स्टैंड चलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment