.

आजमगढ़: मुख्यमंत्री 955 करोड़ रुपये से अधिक की 39 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास


सदर और मुबारकपुर क्षेत्र में 70.35 करोड़ की 14 परियोजनाओं का लोकार्पण, 885.05 करोड़ की 25 परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

आजमगढ़: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 जून को आजमगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह सदर और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्रों में कुल 39 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 955.40 करोड़ रुपये है। जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 70.35 करोड़ रुपये लागत की 14 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जबकि 885.05 करोड़ रुपये लागत की 25 नई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। सदर विधानसभा क्षेत्र में 11 परियोजनाओं का लोकार्पण 52.02 करोड़ रुपये तथा 18 परियोजनाओं का शिलान्यास 794.20 करोड़ रुपये की लागत से होगा। वहीं मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र में 3 परियोजनाओं का लोकार्पण 18.32 करोड़ रुपये तथा 7 परियोजनाओं का शिलान्यास 90.85 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। सदर विधानसभा क्षेत्र में जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण होगा, उनमें खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रयोगशाला व मंडलीय कार्यालय भवन, संभागीय परिवहन कार्यालय एवं सारथी हॉल, ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक, राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में कक्ष निर्माण तथा कई संपर्क मार्ग और पुलिया निर्माण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जिन बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उनमें आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की लगभग 716.84 करोड़ रुपये लागत की तमसा गार्डन एन्क्लेव योजना सबसे प्रमुख है। इसके अलावा विभिन्न थानों में आवासीय भवन, पुलिस लाइन में बैरक व ट्रांजिट हॉस्टल, साइबर थाना भवन, सावित्रीबाई फुले राजकीय पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, महर्षि वाल्मीकि इको पार्क, पर्यटन विकास परियोजनाएं तथा कई सड़क एवं सेतु निर्माण कार्य शामिल हैं।
मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र में महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर की चहारदीवारी ऊंचीकरण, सिकंदरपुर घाट पर सेतु निर्माण तथा हनुमान पर्यटन विकास परियोजना का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं क्षेत्रीय ग्रामीण विकास संस्थान की स्थापना, मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय, पुलिस आवासीय भवन, नर्सिंग कॉलेज, पर्यटन विकास तथा सड़क निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल, जनसभा स्थल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन को जिले के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment