सदर और मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र को परियोजनाओं की देंगे सौगात
आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 13 जून 2026 (शनिवार) को आजमगढ़ दौरे पर रहेंगे। जारी प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:50 बजे हेलीकॉप्टर से महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह कार द्वारा कार्यक्रम स्थल पर जाएंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वह आजमगढ़ सदर एवं मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान कर 1:05 बजे पुनः विश्वविद्यालय स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद 1:10 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से गोरखपुर के लिए रवाना होंगे और 1:25 बजे गोरखपुर के चिलुआताल स्थित गांधी इंटर कॉलेज मैदान के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड तथा वीआईपी मूवमेंट को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि मुख्यमंत्री का दौरा सकुशल संपन्न कराया जा सके।
Blogger Comment
Facebook Comment