.

आजमगढ़: 94 लाख रुपये के 448 खोए मोबाइल बरामद, पुलिस ने स्वामियों को सौंपे


फरवरी 2024 से अब तक 11.22 करोड़ रुपये मूल्य के 4650 मोबाइल बरामद

आजमगढ़: जनपद में खोए और गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मई 2026 के दौरान सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से कुल 448 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 94 लाख रुपये है। रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए।
पुलिस के अनुसार, गुमशुदा मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिसके आधार पर सीसीटीएनएस प्रभारी एवं पुलिस टीम द्वारा मोबाइल फोन की तलाश कर उन्हें बरामद किया जाता है। जनपद में फरवरी 2024 से यह विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक कुल 1407 एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 33 लाख 75 हजार रुपये है। वहीं फरवरी 2024 से जून 2026 तक के 28 माह के दौरान कुल 4650 मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को वापस सौंपे गए हैं। इन मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 11 करोड़ 22 लाख रुपये बताई गई है।
रिजर्व पुलिस लाइन में मोबाइल वापस पाकर लोगों ने आजमगढ़ पुलिस की कार्यशैली की सराहना की और पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment