.

आजमगढ़: ऑपरेशन वज्रपात: इंस्टाग्राम पर गैंग संस्कृति व रंगबाजी दिखाने में 5 गिरफ्तार



फूलपुर में 'गैंगेस्टर प्रभात 50' से जुड़े तीन आरोपी दबोचे गए, बरदह में भय फैलाने वाले दो युवक गिरफ्तार


आजमगढ़ : सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति, रंगबाजी और दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्रपात के तहत फूलपुर और बरदह थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए युवाओं में गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने और आमजन में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने इंस्टाग्राम पर 'गैंगेस्टर प्रभात 50' नाम से गैंग संचालित करने वाले तीन वांछित आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार नेवादा गांव निवासी अशफाक अहमद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि उनका पुत्र मो. सैफ अपने मित्रों के साथ क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहा था, तभी दुर्वासा धाम के पास तीन युवकों ने उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और दो युवकों को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। मामले की विवेचना के दौरान धर्मदासपुर निवासी प्रभात राय तथा खुटौली निवासी रिशु और विजय के नाम सामने आए। पुलिस ने मंगलवार तड़के तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार प्रभात राय के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है।
उधर, बरदह थाना पुलिस ने मिशन वज्रपात के तहत तम्मरपुर गांव निवासी ऋषभ कुमार और आलोक कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शिकायत मिली थी कि दोनों युवक इंस्टाग्राम पर ऐसे वीडियो पोस्ट कर रहे हैं, जिनसे आम लोगों में भय और अशांति की भावना उत्पन्न हो रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई की।
पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि गैंग संस्कृति, रंगबाजी, दबंगई अथवा भय फैलाने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन वज्रपात के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment