.

आजमगढ़: मुठभेड़ में लुटेरा गिरफ्तार,लूटी गई अपाचे बाइक बरामद


अतरौलिया पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली,तमंचा व कारतूस भी मिले

आजमगढ़: अतरौलिया थाना क्षेत्र में पिछले माह हुई अपाचे मोटरसाइकिल लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूटी गई अपाचे मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अन्य फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 की रात करीब नौ बजे रिठिया गांव के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने भंजय सिंह की मोटरसाइकिल रोककर उनकी अपाचे बाइक और मोबाइल फोन लूट लिया था। इस संबंध में थाना अतरौलिया में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। बुधवार रात अपराधियों की तलाश में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल एक आरोपी लूटी गई मोटरसाइकिल लेकर मदियापार की ओर से बहरादेव मंदिर की तरफ जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने खदेरूपट्टी के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि मिश्रा पुत्र अनिल मिश्रा निवासी केदरुपुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया भेजा गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 मई को रिठिया क्षेत्र में मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुठभेड़ और अवैध असलहा रखने के आरोप में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ अंबेडकरनगर और आजमगढ़ में पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दूबे सहित थाना अतरौलिया के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment