आने वाली पीढ़ियों की खुशहाली के लिए धरती को बनाएं हरियालीयुक्त - डॉ. पूनम तिवारी
आजमगढ़: विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर नारी शक्ति संस्थान ने नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया। इस दौरान 151 पौधों का वितरण किया गया और "वृक्ष धरा के आभूषण हैं, जो करते दूर प्रदूषण हैं" का संदेश देकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलायी गई। संस्थान की सचिव डॉ. पूनम तिवारी ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के आभूषण हैं और जितनी अधिक हरियाली होगी, आने वाली पीढ़ियां उतनी ही सुरक्षित और खुशहाल रहेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके बड़े होने तक नियमित देखभाल भी करें। उन्होंने बताया कि नारी शक्ति संस्थान पिछले 16 वर्षों से व्यापक स्तर पर पर्यावरण जागरूकता अभियान और पौधारोपण कार्यक्रम संचालित कर रहा है। डॉ. तिवारी ने कहा कि पौधारोपण में कमी के कारण प्रकृति लगातार चेतावनी दे रही है। यदि पर्यावरण संतुलित रहेगा तो मौसम अनुकूल होंगे और पर्याप्त वर्षा होगी। अन्यथा बढ़ता तापमान और अन्य प्राकृतिक संकट मानव जीवन के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं। अभियान के तहत भंवरनाथ चौराहा और नरौली तिराहे पर आम, अमरूद, आंवला, नीम और नींबू समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया। संस्था की अध्यक्ष मंजू उपाध्याय ने कहा कि लोग बेहतर पर्यावरण की बात तो करते हैं, लेकिन उसके संरक्षण के लिए अपेक्षित प्रयास नहीं करते। उन्होंने नारी शक्ति संस्थान के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से पूरा विश्व प्रभावित है, जबकि भारतीय संस्कृति में वृक्षों और प्रकृति की पूजा-अर्चना कर उनके संरक्षण की परंपरा रही है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए इस सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर बल दिया। पौध वितरण कार्यक्रम में सुधा तिवारी, दीपशिखा पांडेय, पूनम यशपाल सिंह, आभा अग्रवाल, अमिता श्रीवास्तव, अनामिका प्रजापति, सुनीता मौर्य, उमा प्रजापति, ममता शर्मा, चंदा तिवारी, अनामिका राय, अन्नू सिंह, नीतू सौम्य, नीलम अस्थाना, अमिता बरनवाल सहित बड़ी संख्या में नारी शक्ति संस्थान की सदस्याएं उपस्थित रहीं।
Blogger Comment
Facebook Comment