1 जनवरी से देय महंगाई भत्ते के भुगतान को लेकर एक्सचेंज परिसर में प्रदर्शन, कर्मचारियों ने भी जताया समर्थन
आजमगढ़: 1 जनवरी 2026 से देय आईडीए (महंगाई भत्ता) वृद्धि लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को बीएसएनएल पेंशनरों एवं कर्मचारियों ने शहर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। भीषण गर्मी के बावजूद करीब 100 से अधिक पेंशनरों ने प्रदर्शन में भाग लेकर सरकार और दूरसंचार मंत्रालय के खिलाफ नाराजगी जताई। धरना ऑल इंडिया बीएसएनएल पेंशनर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AIBPWA) और ऑल इंडिया बीएसएनएल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AIBSNLPWA) के संयुक्त आह्वान पर आयोजित किया गया। वहीं ऑल यूनियंस एंड एसोसिएशंस ऑफ बीएसएनएल (AUAB) ने लंच आवर में मानव श्रृंखला बनाकर पेंशनरों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। वक्ताओं ने कहा कि भारत सरकार के सार्वजनिक उद्यम विभाग (DPE) द्वारा 27 फरवरी 2026 को जारी आदेश में 1 जनवरी 2026 से आईडीए वृद्धि अधिसूचित की गई थी, लेकिन उसमें एक विवादित खंड जोड़ दिया गया था। इसके विरोध में 16 अप्रैल 2026 को देशभर के करीब चार लाख पेंशनरों ने आंदोलन किया, जिसके बाद 24 अप्रैल 2026 को नया आदेश जारी कर विवादित खंड हटा दिया गया। इसके बावजूद दूरसंचार मंत्रालय द्वारा अब तक जनवरी 2026 से देय आईडीए वृद्धि लागू नहीं की गई और जनवरी से मार्च 2026 तक का बकाया भुगतान भी लंबित है। बीएसएनएलईयू के सहायक महासचिव कॉम. आनंद कुमार सिंह ने कहा कि 8 मई को बीएसएनएल प्रबंधन आईडीए से संबंधित फाइल दूरसंचार विभाग को भेज चुका है, लेकिन अब तक मंजूरी नहीं मिली। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र एरियर सहित आईडीए जारी नहीं किया गया तो एयूएबी देशव्यापी उग्र आंदोलन करेगा। एनएफआरई के हरदरस राय ने 1 जनवरी 2026 से देय आईडीए वृद्धि को तत्काल लागू करने तथा जनवरी से मार्च 2026 तक का बकाया भुगतान करने की मांग उठाई। वहीं लालसा यादव ने कहा कि दूरसंचार मंत्रालय के हस्तक्षेप के बिना सीसीए कार्यालय को स्वतंत्र रूप से आईडीए वृद्धि जारी करने की अनुमति दी जाए और पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए। धरने में कामता प्रसाद, सुखारी प्रसाद, रामलगन यादव, लालजी यादव, गुलाब राय, लालजी श्रीवास्तव, दरोगा लाल श्रीवास्तव, जुलाई राम यादव, राज किशोर यादव, अरविंद मौर्य, राज मंगल यादव, विश्वनाथ यादव, एल.के. यादव और राजेंद्र प्रजापति समेत कई कर्मचारी व पेंशनर मौजूद रहे। धरना समाप्ति पर पेंशनरों और कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि बकाया राशि के भुगतान तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाए — “आईडीए बहाल करो, एरियर सहित करो” और “बीएसएनएल पेंशनर-कर्मचारी एकता जिंदाबाद।”
Blogger Comment
Facebook Comment