पवई ब्लॉक क्षेत्र में बिना पंजीकरण चल रहा था निजी अस्पताल, संचालक फरार
आजमगढ़: पवई ब्लॉक क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक निजी अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक गर्भवती महिला के नवजात की मौत के बाद मामला प्रकाश में आया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और जांच शुरू की गई। समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों एवं स्थानीय शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के आदेश तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ एवं नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द्र कुमार को जांच के लिए मौके पर भेजा गया। बुधवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम जब अस्पताल पहुंची तो संचालक मौके से फरार मिला। जांच के दौरान पाया गया कि अस्पताल बिना किसी पंजीकरण एवं मान्यता के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। निरीक्षण में परिसर के भीतर ओटी, ओपीडी और जनरल वार्ड जैसी सुविधाएं भी संचालित मिलीं। टीम ने मकान मालिक को बुलाकर चाबियां प्राप्त कीं और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद अस्पताल को विधिवत सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई और मीडिया की मौजूदगी में कार्रवाई को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जनसामान्य के जीवन से खिलवाड़ करने वाले अवैध अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बिना पंजीकरण एवं मानकों के संचालन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि फरार संचालक के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जनपद में ऐसे अवैध चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Blogger Comment
Facebook Comment