मां की भूमिका सर्वोच्च, मां से ही जीवन को मिलती है दिशा: डॉ. मोनिका शर्मा
आजमगढ़: प्रतिभा निकेतन इंटर कॉलेज एटलस टैंक, आजमगढ़ के प्रांगण में रविवार को मदर्स डे का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. मोनिका शर्मा, पशु चिकित्सा अधिकारी आजमगढ़ रहीं। उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर डॉ. मोनिका शर्मा ने कहा कि मदर्स डे की शुरुआत अमेरिका से हुई, जो अब पूरे विश्व में मनाया जाता है। इसका आयोजन मई माह के दूसरे रविवार को किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन देश-विदेश में रहने वाले लोग अपनी मां के सम्मान में एकत्र होकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि मां केवल जन्म देने वाली ही नहीं होती, बल्कि हमारा देश, प्रदेश और जिला भी मां के समान हैं, जो हमें सीखने, रहने और समाज में सहभागिता निभाने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इसके बाद नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं एलकेजी, यूकेजी एवं नर्सरी के बच्चों की माताओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में यूकेजी वर्ग से श्रद्धा की मां विजेता रहीं, एलकेजी वर्ग से दिशानी की मां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा नर्सरी वर्ग से आंसर की मां विजेता घोषित की गईं। वहीं “बेस्ट ऑफ मदर” का खिताब दिशानी की मां को प्रदान किया गया। विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत वर्मा ने सभी माताओं एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि मां की भूमिका जीवन में सर्वोच्च होती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य ध्रुव चंद ने सभी आगंतुक अभिभावकों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।
Blogger Comment
Facebook Comment