.

आजमगढ़: डीएम के निरीक्षण में टूटा मिला बिजली तार, जेई निलंबित


जन चौपाल के बाद गांव भ्रमण में मिली लापरवाही, अवैध वसूली और उत्पीड़न की शिकायत पर कार्रवाई

आजमगढ़: जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वारा ग्राम भुवना बुजुर्ग में आयोजित जन चौपाल के बाद गांव भ्रमण के दौरान एलटी लाइन का तार जमीन पर टूटा पड़ा मिला। खुले में पड़े विद्युत तार से बड़ी दुर्घटना की आशंका जताते हुए डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया। ग्रामीणों ने बताया कि लाइन टूटने की शिकायत कई बार किए जाने के बावजूद विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने उसे ठीक नहीं कराया।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र अमुआरी नरायनपुर पर तैनात अवर अभियंता ब्रजेश कुमार विद्युत चेकिंग के नाम पर वैध उपभोक्ताओं को परेशान करते हैं, जबकि कटिया डालकर बिजली चोरी करने वालों से अवैध वसूली की जाती है।
शिकायतों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधीक्षण अभियंता विद्युत घनश्याम को तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड-सगड़ी की रिपोर्ट और मंडल कार्यालय की संस्तुति के बाद मुख्य अभियंता (वितरण) आजमगढ़ क्षेत्र के अनुमोदन पर कार्रवाई की गई।
अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल-प्रथम आजमगढ़ घनश्याम ने अवर अभियंता ब्रजेश कुमार को कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही और प्रथम दृष्टया गंभीर कदाचार का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि में ब्रजेश कुमार को विद्युत वितरण खंड आजमगढ़ के खंडीय कार्यालय से संबद्ध किया गया है। विभागीय जांच पूरी होने तक उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment