.

आजमगढ़: डीएम के सतत पर्यवेक्षण से फार्मर रजिस्ट्री में जिला प्रदेश में प्रथम


7.12 लाख से अधिक किसानों की हुई फार्मर रजिस्ट्री, प्रदेश में बनाया रिकॉर्ड

आजमगढ़: किसान हित में संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान में जनपद आजमगढ़ ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जनपद में अब तक 7 लाख 12 हजार से अधिक किसानों की सफलतापूर्वक फार्मर रजिस्ट्री की जा चुकी है, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। प्रदेश स्तर से जारी जनपदवार प्रगति रिपोर्ट के अनुसार 9 मई तक की स्थिति में आजमगढ़ फार्मर रजिस्ट्री के मामले में प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंच गया है। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल नेतृत्व, सतत अनुश्रवण और प्रभावी कार्ययोजना का परिणाम है। उनके निर्देशन में जनपद से लेकर ग्राम स्तर तक अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को सफल बनाया। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री अभियान के अंतर्गत किसानों का विवरण डिजिटल रूप से संकलित किया जा रहा है, जिससे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से किसानों तक पहुंचाया जा सके। फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना, कृषि अनुदान, बीज एवं उर्वरक वितरण, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी। इसके अलावा किसानों का प्रमाणित डिजिटल डाटाबेस तैयार होने से योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र किसानों तक लाभ शीघ्र पहुंच सकेगा। अभियान को सफल बनाने में कृषि विभाग, राजस्व विभाग, ग्राम पंचायतों तथा अन्य संबंधित विभागों ने समन्वित रूप से कार्य किया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने इस उपलब्धि पर अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अभियान को और गति देते हुए शत-प्रतिशत पात्र किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment