परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, स्वास्थ्य विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
आजमगढ़: जिले के बरदह थाना क्षेत्र के खमौली गांव निवासी पूनम पत्नी सुरेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को अवगत कराया। इसके बाद अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमा शरण पांडे के निर्देश पर मुक्तिपुर बाजार स्थित दो निजी अस्पतालों पर कार्रवाई की गई। जांच के दौरान ओम साईं राम हॉस्पिटल तथा उषा आई केयर सेंटर को सीज कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उषा आई केयर सेंटर का संचालन डॉक्टर चंद्रसेन यादव के पुत्र आर. यादव द्वारा किया जा रहा था। पुलिस ने संबंधित डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई है। दोनों अस्पतालों को सीज कर दिया गया है तथा डॉक्टरों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है। महिला की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश व्याप्त है। वहीं स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पूरे मामले की चर्चा बनी हुई है।
Blogger Comment
Facebook Comment