.

आजमगढ़: आमने सामने भिड़ीं दो बाइक, युवक की मौत, पांच गंभीर घायल


देवगांव क्षेत्र में हुआ सड़क हादसा, मौके पर मची चीख-पुकार

आजमगढ़: लालगंज-तरवां मार्ग पर सोमवार को देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। जानकारी के अनुसार बरदह थाना क्षेत्र के बाउआपार गांव निवासी कंचन पुत्र रामजीत (40) अपनी रिश्तेदारी में खरिहानी जा रहे थे। बताया गया कि वह ससुराल पक्ष के लोगों के यहां बड़गांव, देवगांव में रह रहे थे। सोमवार को वह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान नरसिंहपुर गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंचन की मौके पर ही मौत हो गई।  दूसरी बाइक पर सवार अज्ञात दंपति और उनके दो पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बड़गांव, देवगांव निवासी सदानंद पुत्र बुद्ध (60) भी हादसे में घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को लालगंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर माहौल बेहद मार्मिक हो गया। परिजनों के पहुंचते ही घटनास्थल पर रोना-पीटना शुरू हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment