मकान निर्माण शुरू कराने के नाम पर मांगे थे 15 हजार रुपये,फरिहा चौकी पर था तैनात
आजमगढ़: निजामाबाद थाना क्षेत्र में रिश्वत मांगने के आरोप में फरिहा चौकी पर तैनात एक उपनिरीक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपी दरोगा पर मकान निर्माण कार्य प्रारम्भ कराने के नाम पर 15 हजार रुपये उत्कोच मांगने का आरोप है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार क्यामुद्दीन पट्टी उर्फ परसहाँ थाना निजामाबाद निवासी शहजाद अहमद पुत्र अबुल बशर ने 7 मई 2026 को क्षेत्राधिकारी सदर के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि फरिहा चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक परमात्मा यादव द्वारा मकान निर्माण कार्य शुरू कराने के एवज में 15 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत के आधार पर थाना निजामाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 116/26 धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। शनिवार को क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन में चौकी प्रभारी फरिहा उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा मय हमराह ने आरोपी उपनिरीक्षक परमात्मा यादव को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा तथा कांस्टेबल कमलेश सरोज थाना निजामाबाद शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment