.

आजमगढ़: रास्ता भटकने पर एक्सप्रेसवे बना काल, दंपति समेत मासूम बेटे की मौत


तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

आजमगढ़: अतरौलिया थाना क्षेत्र में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में पति-पत्नी और उनके 10 वर्षीय बेटे ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक परिवार के गांव में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बनकट जगदीश कोइरीपुर गांव निवासी संतोष विश्वकर्मा पुत्र स्व. रामप्यारे विश्वकर्मा (38) अपनी पत्नी गुड़िया विश्वकर्मा (36) व पुत्र रियांश विश्वकर्मा (10) के साथ यामाहा मोटरसाइकिल से गोरखपुर रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार को वापस लौटते समय अतरौलिया के गदनपुर इंटरचेंज पर वह रास्ता भटक गए और नीचे उतरने के बजाय गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ गए। बताया गया कि जैसे ही उनकी बाइक एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 68.9 के पास खीरीडीहा गांव के समीप पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन संख्या PB12AK7396 ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक चालक संतोष विश्वकर्मा उछलकर सर्विस रोड के किनारे जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची यूपीडा गश्ती दल की टीम ने घायलों को अतरौलिया स्थित 100 शैया अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान गुड़िया विश्वकर्मा की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल रियांश को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही अतरौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बाइक और पिकअप को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के बाद मृतकों के गांव बनकट जगदीश कोइरीपुर में शोक की लहर दौड़ गई।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment