.

आजमगढ़: कप्तानगंज थाने में आदर्श आरक्षी बैरक व मिशन शक्ति केंद्र का हुआ उद्घाटन





नवनिर्मित बड़सरा खालसा पुलिस चौकी का भी हुआ लोकार्पण, ₹101.85 लाख की लागत से तैयार हुए भवन


आजमगढ़: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने रविवार को थाना कप्तानगंज में नवनिर्मित आदर्श आरक्षी बैरक एवं मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया। इसके साथ ही थाना क्षेत्र अंतर्गत नवनिर्मित बड़सरा खालसा पुलिस चौकी का भी विधिवत लोकार्पण किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर तथा अंडर ट्रेनिंग आईपीएस प्रेम सुख दरिया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भवनों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस विभाग के अनुसार भवनों का निर्माण उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम लिमिटेड द्वारा कराया गया है। परियोजना की स्वीकृत लागत लगभग 101.85 लाख रुपये है। भवनों का निर्माण आधुनिक सुविधाओं को ध्यान में रखकर कराया गया है, जिससे पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
नवनिर्मित भवनों में कार्यालय, बैरक, शौचालय, किचन, मेस स्टोर, मालखाना, पुरुष एवं महिला हवालात, कम्प्यूटर कक्ष तथा शस्त्रागार सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस कर्मियों को बेहतर पुलिसिंग, आमजन से संवाद स्थापित करने तथा कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
वहीं पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र ने नव नियुक्त आरक्षियों से संवाद कर उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशील पुलिसिंग एवं जनसहभागिता के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ दायित्व निर्वहन के लिए प्रेरित किया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment