फर्जी पाण्डुलिपि और कूटरचित हस्ताक्षर से मतदाता सूची में हेरफेर करने का आरोप
आजमगढ़: पंचायत निर्वाचन मतदाता सूची में फर्जीवाड़ा करने के मामले में जीयनपुर पुलिस ने वांछित ग्राम प्रधान को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि फर्जी पाण्डुलिपि तैयार कर बीएलओ, सुपरवाइजर व अन्य अधिकारियों के कूटरचित हस्ताक्षर के माध्यम से मतदाता सूची में अवैध रूप से हेरफेर किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। तहसील सगड़ी में कार्यरत राजस्व निरीक्षक द्वारा थाना जीयनपुर में दी गई तहरीर में बताया गया था कि त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत विकास खंड अजमतगढ़ की मतदाता पाण्डुलिपियों की जांच के दौरान ग्राम अंजान शहीद वार्ड संख्या 10 से 15 तक की फर्जी पाण्डुलिपि सम्मिलित पाई गई। जांच में सामने आया कि मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित अभिलेखों पर बीएलओ, सुपरवाइजर तथा अन्य अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। पुलिस जांच में यह तथ्य भी प्रकाश में आया कि विकास खंड अजमतगढ़ में कार्यरत कर्मचारी संतोष भाष्कर ने ग्राम प्रधान मोहम्मद अजीम, उसके सहयोगी नदीम तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी पाण्डुलिपि तैयार कर उसे सही सूची में सम्मिलित कराया, जिससे मतदाता सूची में हेरफेर किया गया। इस मामले में थाना जीयनपुर पर मु0अ0सं0 0220/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान सोमवार को उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह ने हमराहियों के साथ कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त मोहम्मद अजीम पुत्र मोहम्मद नुमान खान निवासी ग्राम अंजान शहीद थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ को पकवाइनार मोड़ स्थित नन्दू की चाय दुकान के पास से सुबह करीब 6:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए गलती की माफी मांगी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में मारपीट, गाली-गलौज व धमकी देने तथा वर्ष 2021 में मारपीट, घर में घुसकर हमला करने और गैर इरादतन हत्या से संबंधित मामला शामिल है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दल प्रताप सिंह, कांस्टेबल अक्षय प्रसाद तथा कांस्टेबल अवधेश कुशवाहा शामिल रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment