.

आजमगढ़: गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन शातिर चोर गिरफ्तार


जीयनपुर पुलिस ने दबोचा, चोरी समेत कई मामलों में दर्ज हैं मुकदमे

आजमगढ़: अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जीयनपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मेघई नरैना पुलिया के पास से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर जेवर चोरी व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 24 जून 2024 को मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के फरसरा खुर्द निवासी अम्बालिका राय पत्नी विनयानन्द राय ने थाना जीयनपुर में तहरीर देकर बताया था कि भवरनाथ से दोहरीघाट जाते समय टेम्पो से उतरने के दौरान उनके बैग से सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। इस मामले में थाना जीयनपुर पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान सुरेन्द्र कुमार, राजन कुमार, जयभीम, सल्टू राम तथा एसपी कुमार के नाम प्रकाश में आए थे। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी द्वारा 18 मई 2026 को गिरोह का गैंगचार्ट अनुमोदित किया गया था। इसके बाद 20 मई 2026 को थाना जीयनपुर में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। गुरुवार सुबह करीब 7:45 बजे पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मेघई नरैना पुलिया के पास से गैंगस्टर एक्ट में वांछित जयभीम पुत्र महेन्द्र राम, राजन कुमार पुत्र चन्द्रिका राम तथा सुरेन्द्र कुमार पुत्र समारू राम उर्फ सम्हारू राम निवासी छपरा सुल्तानपुर थाना जीयनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध चोरी, माल बरामदगी तथा अन्य संगीन धाराओं में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment