.

आजमगढ़: कार सवार दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग,एक की मौत,दूसरा भर्ती




मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में देर रात हुई वारदात,एसएसपी मौके पर पंहुचे

आजमगढ़: जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में बुधवार देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चार पहिया वाहन से जा रहे दो युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया। बदमाशों ने युवकों को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक का इलाज चल रहा है। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक के परिजनों में घटना के बाद कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार कोढ़वा थाना जहानागंज निवासी 24 वर्षीय सुशील कुमार पुत्र संतराज राम अपने मित्र उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव निवासी रानीपुर थाना मुबारकपुर के साथ बुधवार रात करीब 12 बजे एक भंडारे में शामिल होने जा रहा था। दोनों कार से रानीपुर गांव पहुंच रहे थे, तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वहीं गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायल पिंटू यादव पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एसपी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सर्विलांस और एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment