चोरी और नकबजनी गिरोह के हैं सदस्य, एक पर 41 और दूसरे पर 11 मुकदमे दर्ज हैं
आजमगढ़: अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कन्धरापुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी संगठित गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं, जो जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी और सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम देकर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्यों ने कन्धरापुर, तहबरपुर और निजामाबाद थाना क्षेत्रों में आवासीय मकानों, विद्यालयों, गोदामों तथा अन्य प्रतिष्ठानों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया था। इन मामलों का पुलिस पहले ही सफल अनावरण कर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित कर चुकी है। गिरोह की गतिविधियों से क्षेत्र में भय और आतंक का माहौल बना हुआ था। इसके मद्देनजर कन्धरापुर पुलिस ने गिरोह का गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी को अनुमोदन के लिए भेजा था। जिलाधिकारी द्वारा 28 मई 2026 को चार सदस्यों के विरुद्ध गैंग चार्ट अनुमोदित किए जाने के बाद थाना कन्धरापुर में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार सुबह करीब 6:50 बजे गैंगस्टर एक्ट में वांछित हरिकेश यादव पुत्र स्वर्गीय रामनगीना यादव निवासी ग्राम देवपार, थाना कन्धरापुर, जनपद आजमगढ़ को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया। इसके बाद वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने सुबह 7:30 बजे शैलेश कुमार यादव पुत्र बाढू यादव निवासी ग्राम खोजापुर माधोपट्टी, थाना कन्धरापुर, जनपद आजमगढ़ को उसके घर के बाहर से दबोच लिया। पुलिस के अनुसार हरिकेश यादव एक आदतन अपराधी है, जिसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी, चोरी और नकबजनी जैसे गंभीर अपराधों के 41 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं शैलेश कुमार यादव के खिलाफ चोरी, नकबजनी और संगठित अपराध से जुड़े 11 मुकदमे पंजीकृत हैं, जिनमें अधिकांश मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक केदारनाथ मौर्य, वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक अखिलेश यादव, महिला उपनिरीक्षक खुशबू, आरक्षी दिलीप कुमार यादव, प्रदुम्न साहनी, नेहा मिश्रा, सुजीत यादव, विजय कुमार, रामायण गौतम, सुमित गुप्ता, मनमोहन कुमार तथा अरविन्द कुमार पटेल शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Blogger Comment
Facebook Comment