रंगमंच, संगीत, नृत्य और ललित कलाओं का मिलेगा प्रशिक्षण, मेधावी कलाकार भी हुए सम्मानित
आजमगढ़: रंगमंच एवं ललित कलाओं के लिए समर्पित हुनर सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थान द्वारा लगातार 20 वर्षों से आयोजित किए जा रहे हुनर समर कैंप का भव्य उद्घाटन प्रतिभा निकेतन इंटर स्कूल, अटलस पोखरा परिसर में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर मुख्य कोषाधिकारी अनुराग कुमार श्रीवास्तव, सर्वोदय पब्लिक स्कूल के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, रमाकांत वर्मा, संस्थान अध्यक्ष मनोज यादव, भारत विकास परिषद के प्रदेश सह संस्कार प्रमुख सीताराम पांडे तथा श्रीमती विजयलक्ष्मी मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत गौरव मौर्य, हेमंत श्रीवास्तव, कमलेश सोनकर एवं ग्राम प्रधान सुनील कुमार मौर्य ने किया। मुख्य अतिथि अनुराग कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि नवोदित प्रतिभाओं के भीतर छिपी कला और हुनर को निखारने का कार्य पिछले 20 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे शारीरिक और मानसिक रूप से भी सशक्त बनते हैं। साथ ही उनके अंदर छिपी प्रतिभाएं सामने आती हैं। संस्थान के सचिव एवं वरिष्ठ रंगकर्मी सुनील दत्त विश्वकर्मा ने बताया कि समर कैंप में बच्चों को संगीत, गायन, नृत्य, नाटक, आर्ट एंड क्राफ्ट तथा पेंटिंग का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नृत्य प्रशिक्षण के लिए विशेष रूप से कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से नृत्य गुरु दीपांकर दास को आमंत्रित किया गया है। यह कार्यशाला 25 मई से 12 जून तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 11 बजे तक संचालित की जा रही है। उद्घाटन समारोह के दौरान संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले संस्थान के कलाकारों रिमझिम प्रजापति, आस्था दुबे, वर्तिका एवं रितिका कांस्यकार को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. देवेश दुबे, जिला सचिव कौशल कुमार राय, रितु वर्मा, सदानंद शर्मा, सनी, रवि गोंड, कौशल प्रजापति, राज पासवान, संतोष कुमार सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, राजबहादुर सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।
Blogger Comment
Facebook Comment